पहली घटना : धौड़ाई-नारायणपुर मुख्य मार्ग पर यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 20 से अधिक यात्री घायल

नारायणपुर/धौड़ाई। धौड़ाई-नारायणपुर मुख्य मार्ग पर पल्ली बाईपास के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों को तत्काल धौड़ाई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां
उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है जहां उनका उपचार जारी है ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं ट्रक का केबिन भी बुरी तरह दब गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।

सूत्रों के अनुसार यह बस आमदई माइंस क्षेत्र से आ-जा रही थी, तभी पल्ली बाईपास के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ यातायात व्यवस्था संभाली।
अस्पताल में इलाज जारी, गंभीर घायलों पर नजर धौड़ाई
अस्पताल में भर्ती घायलों में से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना है। चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।


आज की दूसरी घटना: फ़रसगांव के पास अनियंत्रित ट्रक पेड़ से जा टकराई, ड्राइवर की मौके पर हुई मौत

ओरछा मुख्य मार्ग पर फरसगांव के पास रविवारको एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आमडई माइंस से जुड़ी एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण बताया जा रहा है कि मौके पर ही चालक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में आ रही ट्रक अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे पेड़ से भिड़ गई। टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

















