
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
नीट परीक्षा की तैयारियों का लिया जायजा
सूरज सरकार, प्रधान संपादक, न्यूज बस्तर की आवाज़
नारायणपुर, 19 जून 2026// आगामी नीट (NEET-UG) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने केंद्रीय विद्यालय नारायणपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र में कुल 318 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उनके लिए 14 परीक्षा कक्ष निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में 24 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि अंतिम कक्ष में 6 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा संचालन के लिए प्रत्येक कक्ष में दो निरीक्षकों की तैनाती के साथ अतिरिक्त कर्मियों सहित कुल 31 इनविजिलेटरों की नियुक्ति की गई है। परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप जैमर लगाने की व्यवस्था भी की गई है। केंद्र में पर्याप्त टेबल-कुर्सियां, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विद्युत व्यवस्था के लिए सीएसपीडीसीएल, चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस सुविधा के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति भी की गई है तथा संबंधित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय महाविद्यालय नारायणपुर के सहायक प्राध्यापक भगवान दास चांडक को परीक्षा ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।

कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने सभी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी डी.के. कोशले, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रविशंकर यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
















