भाजपा आदिवासी संस्कृति और अस्मिता को खत्म करना चाहती है : चन्दन कश्यप
विश्व आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, पूर्व विधायक ने आरएसएस पर भी लगाए गंभीर आरोप

नारायणपुर। विश्व आदिवासी दिवस को लेकर नारायणपुर में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक चन्दन कश्यप ने भाजपा सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला। मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता में कश्यप ने कहा कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी समाज की संस्कृति, सभ्यता और अस्मिता को कमजोर करना चाहती हैं।
चन्दन कश्यप ने कहा कि 9 अगस्त को पूरे विश्व में विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से आदिवासी समाज को किसी तरह का शुभकामना संदेश नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासी समाज की आबादी करीब 32 प्रतिशत है। ऐसे में शासकीय स्तर पर आदिवासी दिवस का आयोजन नहीं किया जाना आदिवासी समाज के प्रति सरकार की सोच को दर्शाता है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों को ‘वनवासी’ बनाकर उनकी मूल पहचान और अधिकारों से दूर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज देश की सबसे पुरानी सभ्यताओं और संस्कृतियों में से एक है, जिसकी अपनी विशिष्ट परंपराएं, रीति-रिवाज और जीवनशैली हैं।
कश्यप ने कहा कि वर्ष 2023 से पहले भाजपा भी विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देती रही है, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार का रवैया बदल गया है। उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आरएसएस आदिवासी समाज को केवल पिछलग्गू बनाकर रखना चाहती है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने आदिवासीयों के सरक्षण के लिए वन अधिकार पट्टा दिया, मनरेगा कानून के तहत रोजगार का व्यवस्था किया।


उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज केवल वोट बैंक नहीं है, बल्कि प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार को आदिवासी संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा भाजपा और आरएसएस भले आदिवासी दिवस का विरोध करते रहे लेकिन आदिवासी समाज गर्व से आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाता रहेगा।

प्रेस वार्ता मे जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, पीसीसी पूर्व महासचिव रजनू नेताम, पीसीसी सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, वरिष्ठ कोंग्रेसी शिव कुमार पांडेय एवं एन कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।










